
उद्देश्य कुमार साहू
विश्रामपुर थाना क्षेत्र से प्रेम, विश्वासघात और आत्महत्या के प्रयास का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवती ने स्थानीय सांवरिया इलेक्ट्रॉनिक्स-फर्नीचर शोरूम संचालक शुभम अग्रवाल पर शादी का झांसा देकर करीब 11 साल तक शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है।
भरोसे का कत्ल, रिश्ते का अंत

पीड़िता के अनुसार, आरोपी लंबे समय तक शादी का वादा कर उसे भरोसे में रखता रहा। लेकिन जब युवती को पता चला कि आरोपी की शादी कहीं और तय हो चुकी है, तो उसने इसका विरोध किया। इस पर आरोपी ने कथित तौर पर “दूसरे धर्म” का हवाला देते हुए शादी से साफ इनकार कर दिया, जिससे युवती गहरे सदमे में चली गई।
मौत को गले लगाने की कोशिश

मानसिक रूप से आहत युवती 6-7 खदान माइंस क्षेत्र स्थित एक सुनसान पोखरी तक पहुंच गई और आत्महत्या की नीयत से पानी में छलांग लगा दी। वहां मौजूद कुछ लोगों को युवती की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, तो उन्होंने उसका पीछा किया। जैसे ही युवती ने पानी में छलांग लगाई, युवकों ने तत्परता दिखाते हुए उसे डूबने से बचा लिया। युवती ने झाड़ पकड़ ली थी, जिसके बाद ट्यूब की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया।

पुलिस में मामला दर्ज, आरोपी फरार

घटना के बाद युवती को समझाइश देकर थाने ले जाया गया, जहां उसने विश्रामपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी शुभम अग्रवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 64(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की भनक लगते ही आरोपी फरार हो गया है, वहीं पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना विश्रामपुर में दर्ज एफआईआर क्रमांक 0086 दिनांक 23 मार्च 2026 को भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 64(2)(m) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। शिकायत के मुताबिक घटना का समय 13 जुलाई 2015 से 11 जनवरी 2026 के बीच का बताया गया है।



