जिले में 6 से 17 अप्रैल तक आयोजित होंगे खंड स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर
उद्देश्य कुमार साहू
कोरिया, 02 अप्रैल 2026
जिले में ग्रामीण जनों की समस्याओं, शिकायतों और आवश्यकताओं का समाधान सुनिश्चित करने के लिए 6 अप्रैल 2026 से 17 अप्रैल 2026 तक खंड स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विकासखण्ड बैकुण्ठपुर और सोनहत सहित सभी ग्राम पंचायतों में शिविर लगेंगे, जिसमें संबंधित नोडल अधिकारी और तकनीकी सहायक ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करेंगे। शिविर के आयोजन हेतु अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैकुण्ठपुर ने नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। विकासखण्ड बैकुण्ठपुर के लिए श्री उमेश पटेल (अनुविभागीय अधिकारी), श्री एलेक्जेंडर पन्ना (मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत बैकुण्ठपुर) और विकास खण्ड सोनहत के लिए श्री अंशुल वर्मा (अनुविभागीय अधिकारी) को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं विकासखण्ड सोनहत में श्री मनोज सिंह जगत (मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत सोनहत) इस कार्य का समन्वय करेंगे।
शिविर तिथियां एवं स्थल
6 अप्रैल–भखार, बुडार, सिंघोर, पोड़ी, 8 अप्रैल–नरकेली, डुमरिया, बचरा, 10 अप्रैल– भंडारपारा, खोडरी, जिल्या, 11 अप्रैल–जिल्या, 13 अप्रैल– आनी, मुरमा, बंशीपुर, 15 अप्रैल–जामपारा, शिवपुर, बोडार,17 अप्रैल–नगर, मेण्ड्रा में लगेगी।
हर शिविर में शामिल क्लस्टर ग्राम पंचायतों के नोडल अधिकारी अपने क्षेत्रान्तर्गत सभी ग्राम पंचायतों से प्राप्त आवेदन पत्रों का समाधान शिविर स्थल पर ही कराएंगे। यदि किसी कारणवश समस्या का समाधान मौके पर न हो सके, तो उसे संबंधित विभागीय जिला अधिकारी के माध्यम से पूरा कराया जाएगा। सभी आवेदन पत्रों की जानकारी अलग रजिस्टर में संधारित की जाएगी।
अनुविभागीय अधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों और तकनीकी सहायकों को निर्देश दिया है कि वे शिविर के दौरान ग्रामीणों को अधिकतम सुविधा प्रदान करें और समयबद्ध तरीके से समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करें।



