लिमतरा में हो रही विद्युत समस्याओं को लेकर सरपंच और उपसरपंच ने सहायक अभियंता को सौंपा आवेदन…..

दुर्गेश चन्द्राकर
बिलासपुर: मस्तूरी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत लिमतरा के सरपंच दीप वस्त्रकार और उपसरपंच अमित सिंह ठाकुर ने गांव में लगातार हो रही विद्युत समस्याओं को लेकर बिजली विभाग को आवेदन सौंपा है। सरपंच का कहना है कि गांव में बिजली व्यवस्था लंबे समय से खराब स्थिति में है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

आवेदन के अनुसार, देवी दाई तालाब के पास पहले से स्वीकृत ट्रांसफॉर्मर का कार्य अब तक पूरा नहीं किया गया है। सरपंच ने मांग की है कि इस कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाए। साथ ही गांव में लगा बिजली का केबल काफी पुराना और जर्जर हो चुका है, जो लगभग 13 खंभों तक फैला हुआ है। इसे जल्द बदलने की मांग की गई है।

इसके अलावा गांव में लगा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर बार बार ओवरलोड हो जाता है, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। सरपंच ने इसे बढ़ाकर 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है। सरपंच दीप वस्त्रकार ने विद्युत विभाग से इन समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की अपील की है, ताकि गांव में सुचारू रूप से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।






