अंधारी ढोढ़ी की बदली तस्वीर: सलगावां कला में युवाओं का श्रमदान, प्राचीन धरोहर को किया स्वच्छ

उद्देश्य कुमार साहू

दिनांक: 12 अप्रैल 2026,सलगावां कला।

ग्राम पंचायत सलगावां कला में स्वच्छता और विरासत संरक्षण की अनूठी मिसाल देखने को मिली, जहां गांव के प्राचीन पुरातात्विक स्थल ‘अंधारी ढोढ़ी’ की साफ-सफाई कर उसे नया स्वरूप दिया गया। लंबे समय से उपेक्षित इस स्थल पर गंदगी और मलबे का अंबार लग गया था, जिसे अब ग्रामीणों और युवाओं ने मिलकर साफ किया।

रविवार को उपसरपंच आशीष जायसवाल के नेतृत्व में चलाए गए इस स्वच्छता अभियान में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और युवाओं ने हिस्सा लिया। अभियान के दौरान ढोढ़ी के आसपास फैली झाड़ियों और कचरे को हटाया गया, वहीं भीतर जमा पानी और मलबे को भी पूरी तरह बाहर निकालकर साफ किया गया।

इस अभियान में पंच केपी सिंह, पंच प्रतिनिधि मिथिलेश राजवाड़े सहित कई युवाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। श्रमदान करने वालों में प्रियांशु, अमर साय, अनीश, छोटे, कुलदीप शर्मा, अनमोल, हरवेन्द्र, आदित्य, राजेंद्र, राजेश, अशोक, अर्जुन, विनय और प्रकाश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।

उपसरपंच आशीष जायसवाल ने बताया कि ‘अंधारी ढोढ़ी’ गांव की प्राचीन पहचान और महत्वपूर्ण धरोहर है, जिसे संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयासों से न केवल स्वच्छता बढ़ती है, बल्कि ऐतिहासिक स्थलों के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस स्थल के संरक्षण और सुंदरीकरण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इसे पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित किया जा सके।

Related Articles

Back to top button