दुर्गेश चंद्राकर
गरियाबंद : नदी में नहाने के दौरान एक मासूम बच्चे के डूबने से मौत हो गई। फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आज सुबह यह दर्दनाक हादसा हुआ। जहां सुखा नदी में नहाने गए 10 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत हो गई। मृत बच्चे की पहचान साहिल सोनकर के रूप में हुई है, जो फिंगेश्वर नगर पंचायत का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार साहिल अपने दोस्तों के साथ रोजाना की तरह सुबह लगभग 5 बजे कार्तिक स्नान के लिए नदी गया था। इस दौरान वह स्नान करते हुए गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथ गए बच्चों ने शोर मचाकर लोगों को सूचना दी।

सूचना मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे के शव को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद बच्चे को फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।








