शासकीय स्कूल में निशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर आयोजित

उद्देश्य कुमार साहू
छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण, योग–प्राणायाम व ग्रीष्मकालीन रोगों से बचाव की दी गई जानकारी
कोरिया, 11 मार्च 2026
संचालनालय आयुष रायपुर के निर्देशानुसार एवं जिला आयुष अधिकारी के मार्गदर्शन में शासकीय प्राथमिक शाला एवं माध्यमिक शाला पुलिस लाइन बैकुंठपुर में आयुष विंग जिला चिकित्सालय बैकुंठपुर द्वारा निशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में स्कूल के छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें पढ़ाई में एकाग्रता बढ़ाने के लिए ध्यान एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही ग्रीष्म ऋतु में होने वाले विभिन्न प्रकार के रोगों, उनके लक्षण तथा बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी गई।

चिकित्सकों द्वारा बच्चों को स्वच्छता, हस्त प्रक्षालन की सही विधि, सुपोषण, दिनचर्या, रात्रिचर्या तथा संतुलित आहार के महत्व के बारे में भी बताया गया। साथ ही एनसीडी (गैर संचारी रोगों) के लक्षण एवं उनसे बचाव के लिए आहार-विहार, योग और व्यायाम अपनाने की जानकारी दी गई।

शिविर में विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर जरूरतमंद बच्चों को निशुल्क औषधियां भी वितरित की गईं। इस अवसर पर जिला चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. बी.आर. नायक, कुमारी किरण तिर्की, फार्मासिस्ट पीतांबर सिंह सहित स्कूल के शिक्षकों और स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।



