अब हर सोमवार को होगी समय-सीमा बैठक और जनदर्शन
उद्देश्य कुमार साहू
कोरिया, 01 अप्रैल 2026
जिला प्रशासन ने कार्य व्यवस्था को अधिक सुचारू और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से समय-सीमा बैठक के आयोजन दिवस में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब यह बैठक प्रत्येक सोमवार को प्रातः 10 बजे कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी।
जारी निर्देशों के अनुसार, समय-सीमा बैठक के तुरंत बाद जनदर्शन कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें आम नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकेंगे। इस व्यवस्था से लोगों को अपनी समस्याओं के त्वरित निराकरण में सुविधा मिलेगी।
गौरतलब है कि इससे पहले प्रत्येक मंगलवार को समय-सीमा बैठक और जनदर्शन का आयोजन किया जाता था, जिसे अब बदलकर सोमवार कर दिया गया है।
कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि बैठक के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।



