सूरजपुर। ब्रिजेश सिंह : जिले के ग्राम पंचायत पालकेंवरा के अगरिया पारा में रविवार दोपहर लगभग 2:00 बजे अचानक आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस घटना में 17 वर्षीय किशोर विजय चेरवा उर्फ दिनू चेरवा, पिता झगरसाय चेरवा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन महिलाएं, एक बच्ची और दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, पालकेंवरा गांव में विवाद निपटाने के लिए पंचायत सभा आयोजित की गई थी। सभा में ग्राम पंचायत सरपंच मुकदेव चेरवा, सचिव पनालाल सिंह एवं जनपद सदस्य भी मौजूद थे। इसी दौरान विजय चेरवा किराना दुकान से पानी और नमक लेने मोटरसाइकिल से गया हुआ था। अचानक गिरी आकाशीय बिजली से उसकी मौत हो गई।
हादसे में सरपंच, सचिव और जनपद सदस्य भी चपेट में आकर कुछ देर के लिए मूर्छित हो गए, हालांकि बाद में उनकी स्थिति सामान्य हो गई।
इलाज के नाम पर लापरवाही
घटना के बाद घायलों को तत्काल इलाज नहीं मिल पाया। नजदीकी छतरंग स्वास्थ्य केंद्र में केवल एक ही नर्स पदस्थ है, लेकिन उसके हड़ताल पर चले जाने से केंद्र बंद पड़ा हुआ था। न डॉक्टर उपलब्ध थे और न ही अन्य स्टाफ। वहीं 108 एंबुलेंस भी मौके पर नहीं पहुंची। अंततः महतारी एक्सप्रेस 102 की मदद से गंभीर घायलों को सोनहत अस्पताल ले जाया गया।
मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे ने न केवल एक परिवार को अपूरणीय क्षति पहुंचाई है, बल्कि स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली को भी उजागर कर दिया है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही और एंबुलेंस सेवा की नाकामी पर गहरा आक्रोश जताया है।