दुखद संयोग: शोक सूचना देने निकले युवक की सड़क हादसे में मौत

उद्देश्य कुमार साहू

कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र अंतर्गत रामगढ़ चौकी के ग्राम तुर्रीपानी में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। मामी के निधन की सूचना देने निकले भांजे को तेज रफ्तार ट्रक ने बेरहमी से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक अजमेर सिंह अपने भाई देवपाल के साथ बाइक पर सवार होकर रिश्तेदारी में मामी के निधन की सूचना देने जा रहा था। इसी दौरान सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अजमेर सिंह ट्रक के पहियों के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि देवपाल सड़क किनारे जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार होने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए ट्रक का पीछा किया। खुद को घिरता देख चालक रास्ते में ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर सोनहत थाने में खड़ा कराया।

घायल देवपाल को तत्काल जिला अस्पताल बैकुंठपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत पहले से बेहतर बताई जा रही है।

वहीं, ट्रक में भारी मात्रा में गोबर और हर्रे पत्ते मिलने से पशु तस्करी की आशंका भी जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि ट्रक मध्यप्रदेश राज्य का है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश भी देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button