राम सेतु होटल में महिला जागृति शिविर आयोजित, सशक्तिकरण पर दिया गया जोर

उद्देश्य कुमार साहू
बैकुंठपुर (कोरिया)
एकीकृत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा राम सेतु होटल, बैकुंठपुर में महिला जागृति शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर अतिथि पत्रकार कमरून निशा (ब्यूरो चीफ, चैनल इंडिया) शामिल हुईं।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। महिला बाल विकास परियोजना अधिकारी अनुपमा सिंह ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया तथा विभाग की योजनाओं एवं महिला कल्याण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

अपने संबोधन में कमरून निशा ने कहा कि इस प्रकार के शिविर महिलाओं को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विशेष रूप से नवविवाहित जोड़ों को जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण समाज में सकारात्मक बदलाव की नींव है।
शिविर का उद्देश्य महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, विभिन्न योजनाओं एवं सामाजिक कुप्रथाओं के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान महिलाओं को पोषण संबंधी जानकारी दी गई तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी के लिए भोजन की व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े, जिला पंचायत सदस्य गीता राजवाड़े, सौभाग्यवती सिंह, समाज कल्याण विभाग की अधिकारी तिर्की मैडम, सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।



