सोनहत अस्पताल में नेत्र शल्यक्रिया (आंखों के ऑपरेशन) की शुरुआत

स्वास्थ्य मंत्री एवम विधायक रेणुका सिंह की पहल से 104 गांवों को बड़ी राहत, अब स्थानीय स्तर पर होंगे मोतियाबिंद ऑपरेशन

उद्देश्य कुमार साहू

कोरिया /सोनहत, 01 मार्च 2026
वनांचल क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। स्वास्थ्य मंत्री एवम विधायक रेणुका सिंह की पहल रंग लाई है और अब सोनहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नेत्र शल्यक्रिया (आंखों के ऑपरेशन) की औपचारिक शुरुआत हो गई है। इस नई सुविधा से सोनहत विकासखंड सहित आसपास के 104 गांवों के मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा। अब उन्हें मोतियाबिंद सहित अन्य नेत्र रोगों के उपचार के लिए जिला मुख्यालय या निजी अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

अब तक क्षेत्र के मरीजों को आंखों के ऑपरेशन के लिए अंबिकापुर या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण परिवेश के मरीजों के लिए यह न केवल खर्चीला बल्कि समयसाध्य भी था। कई बार दूरी और संसाधनों की कमी के कारण मरीज ऑपरेशन टाल देते थे, जिससे उनकी दृष्टि और अधिक प्रभावित हो जाती थी।

नई सुविधा शुरू होने से अब सोनहत सीएचसी में ही मोतियाबिंद ऑपरेशन सहित अन्य सामान्य नेत्र शल्यक्रियाएं की जा सकेंगी। इससे समय पर इलाज संभव होगा और अंधत्व की बढ़ती समस्या पर भी नियंत्रण मिलेगा।

अस्पताल बना नेत्र ऑपरेशन केंद्र

सोनहत अस्पताल में आवश्यक उपकरण, ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्था और प्रशिक्षित चिकित्सा स्टाफ की तैनाती के बाद नेत्र शल्यक्रिया की शुरुआत की गई है। अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन के लिए आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, नियमित शिविरों के माध्यम से भी मरीजों की जांच कर उन्हें ऑपरेशन के लिए पंजीकृत किया जाएगा। प्राथमिक जांच, ब्लड प्रेशर, शुगर आदि की जांच के बाद सुरक्षित तरीके से ऑपरेशन किए जाएंगे।

मरीजों को मिलेगा सीधा लाभ

अस्पताल प्रबंधन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस सुविधा का लाभ सोनहत और आसपास के 104 गांवों के जरूरतमंद मरीजों को मिलेगा। ग्रामीणों को अब आवागमन में होने वाले अतिरिक्त खर्च से राहत मिलेगी। आयुष्मान योजना और अन्य सरकारी योजनाओं के तहत पात्र मरीजों का निशुल्क या रियायती दर पर इलाज किया जाएगा।

अधिकारियों ने किया निरीक्षण

नेत्र ऑपरेशन सेवा प्रारंभ होने से पहले संबंधित अधिकारियों और चिकित्सा विशेषज्ञों ने अस्पताल का निरीक्षण किया। ऑपरेशन थिएटर, वार्ड और उपकरणों की व्यवस्था का जायजा लिया गया।
बीएमओ डॉ. बलवंत सिंह ने बताया कि सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

डॉक्टर बलवंत सिंह ने कहा कि “हमारा प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित उपचार स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो। आने वाले समय में और भी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जाएगा।”

सोनहत अस्पताल में नेत्र शल्यक्रिया की शुरुआत से वनांचल क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिली है। स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने से क्षेत्रवासियों में उत्साह और संतोष का माहौल है।

Related Articles

Back to top button