कटगोड़ी में नई समिति का शुभारंभ, 24 गांवों के किसानों को बड़ी राहत

उद्देश्य कुमार साहू,
संदीप साहू बोले— वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, विधायक रेणुका सिंह और साय सरकार का जताया आभार
कटगोड़ी क्षेत्र के किसानों के लिए कल का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ, जब वर्षों से लंबित मांग पूरी करते हुए नई कृषि समिति का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला और किसानों ने इसे अपने सपनों के साकार होने जैसा बताया।

कार्यक्रम में उपस्थित भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संदीप साहू ने कहा कि यह सिर्फ एक समिति का उद्घाटन नहीं, बल्कि क्षेत्र के 24 ग्रामों के किसानों के लिए सुविधाओं का नया द्वार है। अब किसानों को खाद, बीज और कृषि से जुड़ी अन्य सामग्री के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा, जिससे उनका समय और श्रम दोनों बचेंगे।
उन्होंने केंद्र सरकार की किसान हितैषी नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान में खाद की कोई कमी नहीं है और गोदाम पर्याप्त मात्रा में भरे हुए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में महंगे दाम के बावजूद किसानों को यूरिया और डीएपी सस्ती दरों पर उपलब्ध कराई जा रही है, जो सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
साहू ने आगे कहा कि किसान सम्मान निधि योजना और राज्य सरकार की नीतियों के चलते किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। धान का ₹3100 प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रहा है।
इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की विधायक श्रीमती रेणुका सिंह का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से ही कटगोड़ी क्षेत्र की यह पुरानी मांग पूरी हो सकी है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य शिव कुमारी, जनपद अध्यक्ष आशा देवी, मंडल अध्यक्ष राजाराम राजवाड़े, जिला मंत्री ईश्वर राजवाड़े, युवा मोर्चा महामंत्री मनोज साहू, जनपद सदस्य आदेश्वरी गौतम, सोनिया राजवाड़े, मंडल महामंत्री बाल किशन देवांगन, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष हरिश्चंद्र राजवाड़े, जिला सहसंयोजक सुरेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
कटगोड़ी समिति का उद्घाटन क्षेत्र में विकास, जनसेवा और किसान सम्मान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।



