छात्र की आत्महत्या से आहत जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह ने जन्मदिन का कार्यक्रम किया निरस्त

कोरिया, 15-03-26
जिले के सोनहत क्षेत्र में कटगोड़ी पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में कक्षा 11वीं के एक छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने की दुखद घटना के बाद शोक का माहौल है। इस घटना से आहत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनहत के अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह ने अपने जन्मदिन के अवसर पर किसी भी प्रकार का उत्सव या कार्यक्रम नहीं मनाने का निर्णय लिया है।
बताया जा रहा है कि कटगोड़ी पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में अध्ययनरत कक्षा 11वीं के छात्र सुरेश सिंह, पिता भीम सिंह ने आत्महत्या कर ली। घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र में दुख की लहर फैल गई। इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह ने कहा कि ऐसे दुखद समय में जन्मदिन जैसे कार्यक्रम मनाना उचित नहीं है।
उन्होंने अपने सभी साथियों, समर्थकों और शुभचिंतकों से अपील की है कि इस वर्ष उनके जन्मदिन के अवसर पर किसी भी प्रकार का कार्यक्रम आयोजित न किया जाए। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सभी को पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहकर उन्हें सांत्वना देना चाहिए।
सुरेश सिंह ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
बताया जा रहा है कि इस संबंध में किया गया उनका संदेश सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उनके इस निर्णय की सराहना कर रहे हैं।



