जनदर्शन में आवेदन के दिन ही खाते में जमा हुई राशि, प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर किसान हुआ खुश

उद्देश्य कुमार साहू

कोरिया, 21 अप्रैल, 2026
जिला कोरिया में एक किसान की धान बिक्री राशि को लेकर की गई शिकायत का त्वरित निराकरण करते हुए प्रशासन ने उसी दिन राहत पहुंचाई। गत मंगलवार को कलेक्टरेट में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी को ग्राम सलगवांकला निवासी किसान विवेक कुमार एवं उनकी पत्नी द्वारा आवेदन देकर बताया गया था कि वर्ष 2025-26 में बेचे गए धान की राशि में से 31,000 रुपये सहकारी समिति द्वारा कथित रूप से काट लिए गए हैं।

आवेदन में किसान ने बताया कि उसने लगभग 28.80 क्विंटल धान विक्रय किया था, जिसका आंशिक भुगतान ही मिला और शेष राशि पुराने ऋण के नाम पर काट ली गई। किसान ने यह भी स्पष्ट किया कि उसके ऊपर कोई बकाया ऋण नहीं है, फिर भी उसे तीन महीनों से सहकारी बैंक और समिति के चक्कर लगाने पड़ रहे थे, जिससे उसे आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

मामले की जांच के बाद सामने आया कि समिति सोनहत द्वारा ऋण वसूली के दौरान अधिक राशि काट ली गई थी, जो किसान के डीएमआर कैश खाते में अधिक दर्शित हो रही थी। तत्पश्चात संबंधित राशि को तत्काल किसान के बचत खाते में जमा करा दिया गया। महत्वपूर्ण बात यह रही कि 20 अप्रैल 2026 को जनदर्शन में कलेक्टर ने तत्काल आवेदन को सम्बंधित अधिकारी को 24 घण्टे के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए, सम्बंधित विभाग के अधिकारी उसी दिन शिकायत का निराकरण कर दिया गया और पूरी राशि किसान को प्राप्त हो गई।

राशि प्राप्त होने के बाद किसान विवेक कुमार ने संतुष्टि जताते हुए कहा कि अब उसे समिति और बैंक से कोई शिकायत नहीं है।
प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल किसान को राहत मिली, बल्कि जनदर्शन व्यवस्था की प्रभावशीलता भी एक बार फिर साबित हुई है।

Related Articles

Back to top button