हथियारों के साथ खदान में घुसे चोर, 7 आरोपी गिरफ्तार

उद्देश्य कुमार साहू,

2.50 लाख का कॉपर केबल तलवारतब्बल जब्त, ठेकेदार का कर्मचारी भी शामिल

सूरजपुर, जिले के भटगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवानी भूमिगत खान में कॉपर केबल चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख 50 हजार रुपये कीमत का 70 मीटर कॉपर केबल तार तथा घटना में प्रयुक्त तलवार व तब्बल बरामद किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, खदान प्रबंधक चन्द्रकांत सोनवानी ने 24 अप्रैल को थाना भटगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 अप्रैल की सुबह अज्ञात लोग प्रतिबंधित क्षेत्र में हथियार लेकर खदान के अंदर घुस गए और आईडीएलई स्पेयर में रखा करीब 70 मीटर कॉपर केबल काटकर चोरी कर ले गए। घटना खदान के सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई थी। आरोपियों के पास तलवार व अन्य धारदार हथियार होने के कारण ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड उन्हें रोक नहीं सके।

रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 84/2026 के तहत धारा 307, 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेही नरेन्द्र सिंह उर्फ पण्डा को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथियों रवि उर्फ चरण अगरिया, कमलेश सिंह, घुरलू उर्फ घुल्डू पैंकरा, बल्लू सिंह और दिनेश सिंह के साथ मिलकर खदान में घुसकर केबल चोरी की थी। साथ ही यह भी खुलासा हुआ कि खदान में कार्यरत एक निजी ठेकेदार के कर्मचारी धनु सिंह ने केबल की जानकारी देकर चोरी में सहयोग किया था। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जंगल किनारे छिपाकर रखा गया कॉपर केबल तार बरामद किया और घटना में प्रयुक्त हथियार भी जब्त किए। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मनोज सिंह, एएसआई राजकिशोर खलखो, सिक्योरिटी ऑफिसर नागेंद्र सिंह सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button