सोनहत जनपद में पंचायत सचिवों की कमी से व्यवस्था चरमराई, कहीं एक सचिव पर 3 पंचायतों का जिम्मा तो कहीं पद खाली

उद्देश्य कुमार साहू,

ग्रामीणों को समय पर नहीं मिल रहा योजनाओं का लाभ,

कोरिया/सोनहत
कोरिया जिले के सोनहत जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायतों में सचिवों की भारी कमी और अव्यवस्था का मामला सामने आया है। जनपद क्षेत्र की 42 ग्राम पंचायतों में कई जगह एक-एक सचिव को तीन-तीन पंचायतों का प्रभार संभालना पड़ रहा है, जबकि कुछ पंचायतों में सचिव पद खाली होने से कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, जिन पंचायतों में सचिवों की संख्या कम है, वहां एक ही सचिव को कई पंचायतों का काम देखना पड़ रहा है। इससे वे नियमित रूप से सभी पंचायतों में उपस्थित नहीं हो पा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर कुछ सचिव ऐसे भी हैं, जिनके पास किसी पंचायत का प्रभार नहीं है और वे केवल जनपद कार्यालय में ही उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि कई पंचायतों में सचिव 10 से 20 दिनों में एक बार ही कार्यालय पहुंचते हैं। इस दौरान भी वे अधिकतर समय विभागीय कार्यों में व्यस्त रहते हैं, जिससे आम लोगों के जरूरी काम लंबित हो जाते हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पाता।

जानकारी के मुताबिक,एक और गंभीर पहलू यह सामने आया है कि कई सचिव जनपद मुख्यालय के बाहर निवास कर रहे हैं, जबकि शासन-प्रशासन की गाइडलाइन के अनुसार उन्हें कार्यस्थल या मुख्यालय के समीप रहना अनिवार्य है। इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर कुछ सचिवों पर अत्यधिक कार्यभार है, वहीं दूसरी ओर कुछ बिना प्रभार के बैठे हैं। ऐसी स्थिति में यह व्यवस्था किसके संरक्षण में चल रही है, यह भी जांच का विषय बन गया है।

अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में कब संज्ञान लेते हैं और पंचायत व्यवस्था को सुधारने के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं।

Related Articles

Back to top button