समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में अव्यवस्था, बेलतरा के किसानों व कांग्रेसियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन….

बिलासपुर/ शेख़ असलम
बिलासपुर: समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में आ रही अव्यवस्थाओं को लेकर बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के किसानों के साथ कांग्रेस पदाधिकारियों ने कलेक्टर बिलासपुर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से धान खरीदी व्यवस्था में तत्काल सुधार और खरीदी लिमिट बढ़ाने की मांग की गई।

किसानों ने बताया कि जिले की धान खरीदी समितियों की दैनिक खरीदी क्षमता बेहद सीमित है। इसके चलते टोकन कटने के बावजूद कई समितियों में समय पर धान नहीं खरीदा जा रहा। किसान सुबह से शाम तक समिति परिसरों में इंतजार करते रहते हैं, लेकिन शाम होते ही यह कहकर लौटा दिया जाता है कि उस दिन की खरीदी लिमिट पूरी हो चुकी है। अगले दिन फिर बुलाए जाने से किसानों को बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

किसानों का कहना है कि इस अव्यवस्था के कारण उनका कीमती समय तो बर्बाद हो ही रहा है, साथ ही परिवहन और मजदूरी पर अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ रहा है। सीमित संसाधनों वाले किसानों के लिए यह स्थिति गंभीर समस्या बन गई है। कई किसानों की धान की फसल अब भी घरों और खलिहानों में रखी हुई है, जबकि खरीदी प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सभी धान खरीदी समितियों की दैनिक खरीदी लिमिट बढ़ाई जाए और टोकन के आधार पर खरीदी व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू किया जाए, ताकि किसानों का धान तय समय में खरीदा जा सके।किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे कलेक्ट्रेट का घेराव कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


