एडवांटा एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने बदली तस्वीर स्वामी आत्मानंद स्कूल में लगाया आरओ प्लांट, 700 से अधिक विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल

उद्देश्य कुमार साहू,

कोरिया जिला क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए एडवांटा इंटरप्राइजेज लिमिटेड (यूपीएल समूह) ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के अंतर्गत स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, खरवत बैकुंठपुर में आरओ वाटर प्लांट स्थापित कर विद्यार्थियों को बड़ी सौगात दी है। आयोजित कार्यक्रम में इस आरओ प्लांट का विधिवत उद्घाटन किया गया।
इस आरओ वाटर प्लांट के स्थापित होने से विद्यालय में अध्ययनरत लगभग 700 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को अब शुद्ध, स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। लंबे समय से स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था, ऐसे में यह पहल उनके स्वास्थ्य एवं पढ़ाई के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी।
कार्यक्रम के दौरान कोरिया जिला पंचायत उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता भी बेहद जरूरी है। इस प्रकार की CSR पहलें न केवल विद्यार्थियों के जीवन स्तर को सुधारती हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी देती हैं।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, कंपनी के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर आरओ प्लांट का उद्घाटन किया गया तथा परिसर का निरीक्षण भी किया गया।
एडवांटा इंटरप्राइजेज लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने बताया कि कंपनी सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य एवं मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल के लिए कंपनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी और वे स्वस्थ वातावरण में अध्ययन कर सकेंगे। स्थानीय लोगों ने भी इस कार्य की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

इस शुभ अवसर पर जिला पंचायत कोरिया उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े, नमिता शिवहरे नगर पालिका अध्यक्ष बैकुंठपुर, राकेश सिंह उपाध्यक्ष नगर पालिका चर्चा एवं गणेश राजवाड़े अध्यक्ष मंडी अध्यक्ष बैकुंठपुर, अशोक शर्मा जोनल मैनेजर एडवांटा, मनीष राज रीजनल मैनेजर एडवांटा, देव सुधाकर पांडे टी टी मैनेजर, विद्यालय प्राचार्य राधेश्याम गुप्ता एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहे विद्यालय प्रबंधन द्वारा इस पावन कार्य के लिए एडवांटा कंपनी का आभार प्रकट भी किया गया

Related Articles

Back to top button