BAIKUNTHPUKOREAछत्तीसगढ़

एचपीवी वैक्सीन से बेटियों को मिलेगा कैंसर से सुरक्षा कवच

उद्देश्य कुमार साहू

जिला अस्पताल बैकुंठपुर में टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, किशोरियों को मिलेगा निःशुल्क टीका

कोरिया, 16 मार्च 2026

बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान का राष्ट्रीय स्तर पर 28 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा तथा छत्तीसगढ़ में राज्य स्तर पर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा शुभारंभ किया गया था।

इसी क्रम में कोरिया जिले के जिला अस्पताल बैकुंठपुर स्थित जिला टीकाकरण केंद्र में 16 मार्च 2026 को टीकाकरण दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित कर अभियान की शुरुआत की गई।

किशोरियों को मिलेगा कैंसर से सुरक्षा
एचपीवी वैक्सीन के माध्यम से महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए प्रतिरोधक क्षमता विकसित की जाती है। यह टीका विशेष रूप से किशोरियों के लिए प्रभावी माना जाता है।

टीकाकरण के लिए वही किशोरियां पात्र होंगी जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली हो, लेकिन 15 वर्ष का जन्मदिन न मनाया हो। आयु प्रमाण के लिए आधार कार्ड या अन्य फोटो पहचान पत्र मान्य होगा। पहचान पत्र उपलब्ध न होने की स्थिति में अभिभावक द्वारा हस्ताक्षरित शपथ पत्र भी मान्य किया जाएगा।

टीकाकरण के बाद लाभार्थियों का पंजीकरण यू-विन पोर्टल पर किया जाएगा और उन्हें डिजिटल प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। प्रत्येक लाभार्थी को टीकाकरण के बाद 30 मिनट तक निगरानी में रखा जाएगा तथा सभी सत्रों में चिकित्सा अधिकारी की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।

जागरूकता पर दिया गया जोर
कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि एचपीवी वैक्सीन किशोरियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इससे सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव है। उन्होंने पात्र सभी किशोरियों को टीकाकरण से जोड़ने और नियमित निगरानी के साथ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि इस टीकाकरण अभियान के माध्यम से किशोरियों को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान की जाएगी।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मोहित पैकरा ने समुदाय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना रजवाड़े ने महिलाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने में इस पहल को महत्वपूर्ण बताया।

9de4ef37 1baf 4ab5 902c f75cbc85637a

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने जानकारी दी कि एचपीवी वैक्सीन की एक ही डोज दी जाएगी और यह टीका जिला अस्पताल में निःशुल्क उपलब्ध रहेगा।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की सभापति एवं जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुषमा कोराम, सिविल सर्जन सह अधीक्षक डॉ. आयुष जायसवाल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. असरफ अंसारी सहित जिला चिकित्सालय के चिकित्सक एवं स्टाफ उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button