सोनहत में भव्य कार्यक्रम, समानता और मानवता का दिया संदेश

उद्देश्य कुमार साहू,
जोगी मठ में हुआ आयोजन, बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
सोनहत/कोरिया।
डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर सूर्यवंशी महासभा द्वारा जोगी मठ, सोनहत में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संदीप साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया।
अपने उद्बोधन में श्री साहू ने गौतम बुद्ध के जीवन और उनके विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने मानवता, समरसता और समानता का संदेश विश्वभर में फैलाया। उनका मानना था कि सभी मनुष्य समान हैं और समाज में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने सामाजिक विषमताओं को देखते हुए भारत को एक सशक्त लोकतंत्र प्रदान करने के लिए संविधान का निर्माण किया। यह संविधान सभी वर्गों के अधिकारों की रक्षा करता है और हमारे लिए मार्गदर्शक के समान है।
श्री साहू ने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार संविधान की मूल भावना के अनुरूप अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षा, सुरक्षा और सामाजिक न्याय से जुड़ी योजनाओं में इसका प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम सरपंच शोभित राम एवं सरपंच सोनहत श्रीमती मानमती सिंह ने की। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष आशा देवी, मंडल अध्यक्ष राजा राम राजवाड़े, जिला महामंत्री युवा मोर्चा मनोज साहू, वरिष्ठ भाजपा नेता सुभाष जायसवाल, कुलदीप प्रजापति, मंडल अध्यक्ष बैकुंठपुर अनिल खटीक सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सुरेंद्र चौधरी द्वारा किया गया। आयोजन में सूर्यवंशी महासभा के पदाधिकारियों एवं आसपास के ग्रामीणों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही, जिससे कार्यक्रम सफल एवं गरिमामयी रूप से संपन्न हुआ।



